झांसी। लग्जरी गाड़ियों में सवार होकर चोरी करने के लिए जाने वाले गैंग के तीन बदमाश रक्सा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए हैं। इनके पास से करीब नौ लाख रुपये कीमत की वस्तुएं एवं नकदी बरामद की है।
एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी के मुताबिक जौनपुर के मडियाहूं निवासी महमूद हसन (28) उर्फ काजू ने गांव के आसपास रहने वाले मो. अफजल (23), मो.सुहैल (25), फिरोज गांधी (28) एवं राज (25) के साथ मिलकर गिरोह बनाया था। चोरी करने को लग्जरी गाड़ियों की व्यवस्था की। जौनपुर से चोरी करने के लिए झांसी आते थे। कार से पहले यह लोग रेकी करते थे। उसके बाद सेंध लगाकर घर से सोने-चांदी के गहने उड़ाकर जौनपुर भाग जाते थे। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में एक ही गाड़ी बार बार नजर आती थी हालांकि इनका नंबर बदला रहता था। सोमवार को एक बार फिर बदमाशों के यहां पहुंचने पर थाना प्रभारी विमलेश कुमार की अगुवाई में गठित टीम ने इनको पाली गांव के पास घेर लिया हालांकि मास्टर माइंड काजू और राज पुलिस को चकमा देकर भाग गए।
पूछताछ में पता चला कि बदमाशों ने आठ फरवरी को कमलेश यादव के करौंदी माता मंदिर में घर से सोने-चांदी के जेवर, विदेशी घड़ियां चोरी की थीं। 13 मार्च को आनंद विहार कॉलोनी में घर का ताला तोड़कर नकदी एवं जेवरात उड़ाए। पुलिस ने एक कार, नई बाइक, करीब तीन लाख सोने-चांदी के जेवरात, 45 हजार का कैश बरामद किया है।
कुछ दिन पहले खरीदी डेढ़ लाख रुपये की बाइक
लक्जरी लाइफ के लिए इन लोगों ने अपना गैंग बनाया था। इनमें अफजल एवं सुहैल मामा-भांजा हैं। पुलिस के मुताबिक सुहैल सबसे शाति है। चंद मिनट में अच्छे से अच्छा ताला चटका देता था। सुहैल अधिक पढ़ा-लिखा नहीं है जबकि फिरोज एमए पास है। सुहैल ने पिछले बुधवार को 1.60 लाख रुपये की बाइक खरीदी थी। वह भदोही, प्रयागराज, जौनपुर में भी चोरी के आरोप में पकड़ा जा चुका।