झांसी। यूरिया की ओवर रेटिंग की शिकायतों पर अफसरों ने सख्ती दिखाते हुए सहकारी खाद विक्रेताओं को चेताया है। सहकारिता उपायुक्त ने प्रत्येक सहकारी खाद विक्रेताओं को पॉस मशीन के जरिए ही खाद बिक्री के निर्देश दिए हैं।
जनपद में किसानों से यूरिया के अधिक दाम वसूलने की खबर अमर उजाला के 28 जनवरी के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। सहकारिता विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए सभी सहकारी विक्रेताओं समेत प्राइवेट दुकानदारों की निगरानी तेज कर दी। शुक्रवार को कई दुकानों के बिक्री रिकार्ड देखे गए। उपनिबंधक सहकारिता उदयभानु सिंह ने मंडल कार्यालय पर इस संबंध में बैठक करके मातहतों को निगरानी तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने सहकारी खाद विक्रेताओं को पॉस मशीन के जरिए ही खाद बेचने को कहा है।
किसानों से अपील की गई कि पीओएस मशीन के माध्यम से खरीदारी की जाए। विक्रेता से रसीद अवश्य ली जाए। प्राइवेट खाद विक्रेताओं पर कड़ी निगरानी करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने बताया कि साधन सहकारी समिति, रक्सा में यूरिया नीम कोटेड 11.95 मीट्रिक टन, किसान सेवा सहकारी समिति मऊरानीपुर 27 मीट्रिक टन, बामौर में 17.75 मीट्रिक टन यूरिया शेष है। किसानों को 266.50 रुपये प्रति बोरी की दर से ही खाद उपलब्ध कराई जा रही है। उपायुक्त के मुताबिक बिक्री केंद्रों पर कुल 672.50 मीट्रिक टन एवं बफर में 787.14 मीट्रिक टन खाद अभी उपलब्ध है।