उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा में जिले के परीक्षार्थियों का प्रदर्शन बेहतर रहा। हाईस्कूल में 82 प्रतिशत और इंटर में 74.2 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। हालांकि इस बार प्रदेश की टॉप टेन सूची में झांसी का कोई विद्यार्थी शामिल नहीं हो पाया। जबकि जिले में हाईस्कूल में रागिनी प्रजापति ने और इंटरमीडिएट में दीपक नगरिया ने पहला स्थान प्राप्त किया।
परीक्षा परिणाम को लेकर शनिवार की सुबह से ही परीक्षार्थियों के दिल की धड़कनेँ तेज चल रही थीँ। विद्यार्थी बार - बार रिजल्ट की साइट अपने मोबाइल पर चेक करते नजर आए। दोपहर 1 बजे के बाद नतीजे आने शुरू हो गए। परिणाम देखकर ज्यादातर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। हालांकि कुछ के चेहरों पर मायूसी भी दिखी। इस बार हाईस्कूल में पंजीकृत 25545 में से 24434 ने और इंटर में पंजीकृत 21223 में से 19914 ने परीक्षा दी थी। हाईस्कूल में 20221 उत्तीर्ण रहे और प्रतिशत 82.76 रहा। जबकि इंटर में 14784 उत्तीर्ण हुए और प्रतिशत 74.2 रहा। इनमें छात्राओं की संख्या भी काफी रही। इधर परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद उत्तीर्ण हुए विद्यार्थियों ने मंदिरों में जाकर भगवान को प्रसाद अर्पण कियआ और दोस्तों व रिश्तेदारों के साथ खुशियां मनाईँ।