संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। गणेश चौराहा स्थित एक ज्वेलरी की दुकान से सोमवार की शाम दो महिलाओं ने टप्पेबाजी कर सोने के टॉप्स उड़ा दिए। कुछ क्षण बाद व्यापारी को एहसास हुआ तो वह उनकी तलाश के लिए बाहर निकले लेकिन दोनों महिलाएं वहां से ओझल हो गईं। सीसीटीवी में पूरी घटना कैद हो गई। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस दुकान पर पहुंची और फुटेज देखने के बाद दोनों की तलाश में जुट गई।
सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के अयोध्यापुरी कॉलोनी निवासी वीरेंद्र सोनी ने बताया कि उनकी गणेश चौराहा पर बालाजी ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। सोमवार को दुकान पर वह और उनकी पत्नी सावित्री मौजूद थीं। शाम को करीब 7 बजे दो महिलाएं दुकान में आईं। पहले उन्होंने बिछिया देखे। फिर बेटे की शादी के लिए सोने के टॉप्स दिखाने को कहा। इस पर दुकानदान ने एक जोड़ी टॉप्स दिखाए। महिलाओं ने वजन कर कीमत बताने को कहा। अन्य डिजाइन देखने की इच्छा जाहिर की तो दुकानदार ने 4 जोड़ी टॉप्स और दिखाए। महिलाओं ने रुपये कम होने और मंगलवार को खरीदने की बात कहकर दुकान के बाहर आ गई। उनके जाते ही दुकानदार को ठगी का अहसास हुआ। देखा तो एक जोड़ी टॉप्स गायब थे। मौके पर पहुंची पु़लिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलवाई। इसमें एक महिला टॉप्स उठाकर दूसरी महिला को देते हुए नजर आ रही थी। पुलिस ने फुटेज लेकर दोनों की तलाश शुरू कर दी।