अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सरकारी और नर्सिंगहोम में रविवार को दिल का दौरा पड़ने के बाद आठ मरीज भर्ती किए गए। इसमें दो मरीजों को सुबह ठंडे पानी से नहाने के बाद हार्ट अटैक आ गया। वहीं, इलाज के दौरान एक बुजुर्ग की जान चली गई।
ठंड में हार्ट अटैक के मामलों में काफी इजाफा हो गया है। युवा से लेकर बुजुर्ग तक दिल का दौरा पड़ने पर अस्पतालों में भर्ती हो रहे हैं। रविवार को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में चार मरीज हार्ट अटैक के भर्ती किए गए। इसमें 30 साल के युवक से लेकर 66 साल के बुजुर्ग तक शामिल हैं। इसके अलावा, निजी अस्पतालों में भी दिल का दौरा पड़ने के चार मरीज भर्ती हुए हैं। नर्सिंगहोम में 66 साल के एक बुजुर्ग की इलाज के दौरान जान चली गई।
हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. निर्देश जैन ने बताया कि उनके यहां भर्ती हुए दो मरीजों ने बताया कि सुबह ठंडे पानी से नहाने के बाद अचानक सीने में तेज दर्द शुरू हो गया। मरीजों की एंजियोग्राफी की गई। मरीज की उम्र 45 और 50 वर्ष है। इसके अलावा, एक 38 साल का युवक भी दिल का दौरा पड़ने पर भर्ती हुए। उसकी दो नसों में ब्लॉकेज था। वह सिगरेट पीने का आदी था। बताया कि 40 साल की कम उम्र के 90 फीसदी युवाओं में हार्ट अटैक का कारण लंबे समय से सिगरेट का सेवन करना होता है। सिगरेट पीने से दिल की नसें सिकुड़ती हैं। सफेद रक्त कणिकाओं में थक्का जमता है। इसके अलावा, हार्ट अटैक का 71 वर्षीय एक बुजुर्ग भी भर्ती हुआ। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. सचिन माहुर ने बताया कि रविवार को भर्ती हुए हार्ट अटैक के चार मरीजों अब स्वस्थ हैं।
इन बातों का रखें ध्यान
- ठंडी चीजों का सेवन न करें
- खासकर बुजुर्ग सुबह की सैर से बचें
- ठंड में गर्म कपड़े पहनने में कोताही न करें
- बीपी के रोगी हैं तो दवा का नियमित सेवन करें
ये लक्षण तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं
- सीने में जलन और दर्द
- सांस लेने में दिक्कत होना
- हाथ, गर्दन और जबड़े में दर्द