झांसी। सीपरी बाजार के बूढ़ा गांव में एक युवती ने बरात आने से बारह घंटे पहले कुएं में कूदकर जान दे दी। हालांकि आत्मघाती कदम उठाने की कोई ठोस वजह अभी सामने नहीं आई है लेकिन कुछ लोग बता रहे हैं कि परिजनों द्वारा तय किए रिश्ते से युवती खुश नहीं थी। वह लगातार विरोध कर रही थी। मगर परिवार वालों ने नहीं सुना।
बूढ़ा गांव निवासी संजीव पाल खेती-किसानी करते हैं। संजीव ने अपनी सबसे बड़ी बेटी प्रीति (20) की शादी भट्टागांव के कुमहर्रा गांव निवासी निखिल से तय की थी। प्रीति ने कक्षा पांच पास करने के बाद पढ़ाई बंद कर दी थी। अभी वह घर में ही रहती थी। पुलिस का कहना है कि प्रीति परिवार की ओर से रिश्ता कर दिए जाने से नाराज थी। वह यहां शादी नहीं करना चाहती थी। उसने शादी से इंकार किया लेेकिन, परिवार के लोगों ने उसकी नहीं सुनी। प्रीति को मां एवं दादी ने भी समझाने की कोशिश की लेकिन, वह शादी न करने पर अड़ी रही। बुधवार को परिवार के लोग वर पक्ष के यहां जाकर फलदान कर आए।
12 मई को बरात आनी थी। घर में सभी लोग तैयारियों में जुटे थे। बुधवार देर-रात खाना खाने के बाद सभी लोग सो गए। प्रीति अंदर के कमरे में दादी की चारपाई के पास अलग बिस्तर में सोई थी। सुबह करीब पांच बजे जब परिवार के लोग जगे तक प्रीति नजर नहीं आई। आसपास खोजने पर भी वह नहीं मिली। घर से करीब सौ मीटर दूर बने कुएं के बाहर उसकी चप्पल दिखी। कुएं में देखने पर उसका शव उतराता दिखा। चीख-पुकार मच गई। गांव के लोग भी आ पहुंचे। सूचना मिलने पर सीपरी बाजार थाना इंस्पेक्टर देवेश शुक्ला भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया।
समझाने-बुझाने के बाद पोस्टमार्टम कराने को राजी हुए परिजन
प्रीति का शव बाहर आते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में नाते-रिश्तेदार घर में जुटे हुए थे। शव के बाहर आने पर परिजनों ने उसे पुलिस को सौंपने से इंकार कर दिया। वह पोस्टमार्टम कराने को राजी नहीं थे। पुलिस ने परिजनों को काफी देर-तक समझाया बुझाया तब जाकर परिवार के लोग पोस्टमार्टम कराने को राजी हुए।
...बरात आई तो मेरा मरा मुंह देखना
शादी तय होने से प्रीति नाराज थी हालांकि परिजनों को भी इसकी आशंका नहीं थी कि नाराजगी में वह इस तरह का आत्मघाती कदम उठा लेगी। उसकी मां एवं दादी ने उसे काफी समझाने की कोशिश की लेकिन, उनकी बातों का भी प्रीति पर कोई असर नहीं हुआ। परिजनों का कहना है कि प्रीति नेे कभी इस बारे में नहीं बताया। मां के समझाने पर सिर्फ एक बात कहती थी अगर बरात आई तब उसका मरा मुुंह ही देखने को मिलेगा।
घर में मातम, बहनों का रो-रोकर बुरा हाल
शादी के घर में दुल्हन की मौत से पूरे घर में मातम पसर गया। परिवार के लोग पूजा के इस आत्मघाती कदम से हैरान नजर आए। प्रीति तीन बहन एवं एक भाई में सबसे बड़ी थी। बड़ी बहन की शादी से सभी खुश थे। दोनों बहन पूजा और निशा शादी की तैयारियों में चाव से जुटी थीं। बरात आने से पहले पूजा और निशा ने भी प्रीति के साथ बुधवार को हाथों में मेंहदी रचवाई लेकिन, उनकी यह खुशी बृहस्पतिवार को क्षण में काफूर हो गईं। बहन की मौत से पूजा और निशा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के लोग उनको किसी तरह संभाल पा रहे थे।