अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शुक्रवार आधी रात झांसी-शिवपुरी हाईवे पर डगरवाह गांव स्थित आनंद पेट्रोल पंप के पास अचानक से गाय के सामने आ जाने से तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक सवार तीन लोग घायल हो गए। पिछले चौबीस घंटे के दौरान रक्सा इलाके में चार सड़क हादसे में एक बस समेत तीन ट्रक पलट चुके हैं। घायलों को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पशु आहार से भरा एक ट्रक कानपुर से सीहोर-भोपाल की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात करीब 11 बजे ट्रक जैसे आनंद पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, अचानक सामने एक गाय आ गई। चालक अर्जुन (35) निवासी डिकौली के ब्रेक लगाने पर ट्रक पलट गया। हादसे में अर्जुन समेत ट्रक सवार क्लीनर प्रमोद (25) एवं संदीप (22) नीचे दबकर घायल हो गए। संदीप मध्य प्रदेश पुलिस का पेपर देने भोपाल जा रहा था। पुलिस भी पहुंच गई। उसने तीनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। अर्जुन को काफी चोट आई है। रक्सा थानाध्यक्ष रूपेश कुमार के मुताबिक तीनों घायलों को अस्पताल भिजवा दिया गया।