रानीपुर (झांसी)। बरियाबेर सड़क पर शुक्रवार की रात 12 बजे विदाई के बाद दुल्हन को लेकर लौट रही एक बोलेरो खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में दूल्हे के बहनोई की मौके पर ही मौत हो गई और दूल्हा-दुल्हन व एक बच्चे समेत सात लोग घायल हो गए। बोलेरो राठ से लौट रही थी। इसमें दूल्हा-दुल्हन समेत नौ लोग सवार थे। टक्कर से चीख-पुकार मच गई।
ग्राम चिपलोटा मध्य प्रदेश निवासी आशीष पुत्र धनेश प्रजापति की 19 जून को राठ में शादी थी। विवाह समारोह दिन में था। शादी के बाद शाम को दुल्हन की विदाई हो गई। ड्राइवर बोलेरो से वापस चिपलोटा जा रहा था। जैसे ही बोलेरो मऊरानीपुर के पास धनुषधारी बेयर हाउस तक पहुंची वहां सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर होते ही वहां चीख-पुकार मच गई। गाड़ी में बैठे दूल्हे के बहनोई दशरथ (35) पुत्र राम किशन प्रजापति निवासी चिरपुरा थाना पृथ्वीपुर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गाड़ी में बैठे दूल्हा-दुल्हन सहित सात लोग घायल हो गए। घायलों में एक बच्चा भी शामिल है। सूचना पाकर रानीपुर चौकी प्रभारी सुबोध सिंह परमार और नीरज सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर भेजा।