जिले में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा होता जा रहा है। शुक्रवार को बड़ागांव गेट बाहर और रानीपुर में कोरोना वायरस के एक-एक मरीज मिले हैं। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या 88 पहुंच गई है।
तीन जून से झांसी में एक भी दिन ऐसा नहीं गया, जब कोरोना वायरस का मामला सामने नहीं आया हो। शुक्रवार को भी दो नए मामले सामने आए हैं। इसमें बड़ागांव गेट बाहर निवासी 60 वर्षीय वृद्ध महिला कोरोना पॉजिटिव मिली है।
हालांकि, उसमें कोरोना वायरस के कोई लक्षण दिखाई नहीं दे रहे हैं। इसके अलावा रानीपुर के सिरधरपुरा का 32 वर्षीय युवक भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। बताया गया कि वह कुछ दिन पहले ही दिल्ली से लौटा था।
दोनों ही मरीजों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा इनके परिजनों को भी क्वारंटीन किया गया है। उनके सैंपल लेकर जांच के लिए कोविड लैब भेजे जा रहे हैं।