ललितपुर में खाद न मिलने से परेशान एक किसान महेश कुमार (28) ने जहर खा लिया। गंभीर हालत में उसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि खाद न मिलने से महेश काफी समय से परेशान था। इसी वजह से उसने जहर खा लिया।
मौत की सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंच गई। उसने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस के मुताबिक ललितपुर के जखौरा ब्लॉक के खिरिया गांव निवासी महेश पाल पुत्र इमरत परिवार के साथ खेती-बाड़ी के काम में हाथ बंटता था। परिजनों ने कल उसके जहर खा लेने की सूचना दी थी। जहर खाने के बाद महेश की हालात बिगड़ गई।
उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। उसे शुक्रवार को यहां भर्ती कराया गया। महेश की नाजुक हालत को देखते हुए उसे इमरजेंसी में भर्ती किया गया था, लेकिन देर-रात उसकी हालत बिगड़ने लगी। सुबह डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। परिजनों को भी उसकी मौत की सूचना मिल गई। थोड़ी देर में परिवार के लोग भी रोते-बिखलते अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का कहना था कि महेश खाद के लिए कई बार लाइन में लगा, लेकिन उसे खाद नहीं मिली। इस वजह से वह परेशान था। शुक्रवार को घर में वह अकेला था। इसी दौरान उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया।