- पहले अप्रैल में बढ़ना था टोल, चुनाव की वजह से रोक दी गई बढ़ोतरी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। हाईवे पर सफर करना अब महंगा होने जा रहा है। झांसी से गुजर रहे हाईवे पर दो जून की आधी रात 12 बजे से पांच फीसदी टोल टैक्स बढ़ जाएगा। एनएचएआई ने नई दरें तय कर दी हैं। पहले नई दरें अप्रैल से लागू होनी थीं, लेकिन लोकसभा चुनाव के चलते टोल की बढ़ोतरी रोक दी गई थी।
झांसी-कानपुर हाईवे के सेमरी टोल प्लाजा पर वाहन चालकों को पांच से पंद्रह रुपये अधिक चुकाने होंगे। चार पहिया वाहनों से एक तरफ के 125 रुपये एवं दोनों ओर के लिए 185 रुपये चुकाने होंगे। अभी तक एक ओर की यात्रा के लिए 120 रुपये वसूले जाते थे। वहीं एट टोल प्लाजा पर 120 और 180 रुपये की जगह अब 125 और 185 रुपये टोल लगेगा। शिवपुरी हाईवे के रक्सा टोल प्लाजा पर चार पहिया वाहनों से एक ओर का 130 रुपये और दोनों ओर के लिए 190 रुपये टोल लिया जाएगा।
दतिया जाने वाले वाहनों को डगरई टोल प्लाजा पर 140 व 210 की जगह 145 व 215 रुपये चुकाने होंगे। झांसी-ललितपुर हाईवे के बबीना टोल प्लाजा पर 115 व 175 की जगह 120 व 180 रुपये वसूले जाएंगे। जबकि बीघाखेत टोल प्लाजा पर चार पहिया वाहन से एक ओर का टोल 85 की जगह 90 रुपये लिया जाएगा।
इसी तरह झांसी-खजुराहो हाईवे के लुहारी टोल पर 150 रुपये की जगह 155 रुपये और दोनों ओर के लिए वाहन चालकों को 230 रुपये देने होंगे। एनएचएआई के परियोजना प्रबंधक सुनील जैन का कहना है कि हर साल टोल टैक्स की दरें संशोधित होती हैं। नई दरें तीन जून की आधी रात से लागू हो जाएंगी।
इनसेट
झांसी के आसपास के अन्य टोल प्लाजा की नई दरें
टोल कार एवं हल्के वाहन (एक तरफ) कार एवं हल्के वाहन (दोनों ओर) हल्के व्यावसायिक वाहन
पूरनखेड़ी 155 230 245
चौंधा 95 145 155
मेहरा 100 145 160
जाजऊ 95 145 155
बेलाताल 95 145 155
पचवारा 90 135 145
इनसेट
लगातार बढ़ रहा टोल, सुविधाएं गोल
टोल टैक्स में हर साल बढ़ोतरी हो जाती है, लेकिन हाईवे पर न तो सुरक्षा इंतजाम बढ़ रहे हैं और न ही कोई दूसरी सहूलियतें दी जा रही हैं। सबसे अधिक खतरा डिवाइडर के अवैध कट बने हुए हैं। जगह-जगह अवैध कट होने से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कई ढाबे के सामने डिवाइडर तोड़कर कट बना लिए गए, लेकिन इनको बंद नहीं कराया जा सका।