झांसी। 15 अप्रैल से शुरू हो रही गेहूं खरीद के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार किसान टोकन के जरिए ही गेहूं बेच पाएंगे। इसके लिए कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। जहां से किसानों को मोबाइल नंबर पर टोकन भेजा जाएगा। किसान टोकन पर लिखे क्रय केंद्र और समय पर ही गेहूं बेच सकेंगे। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए प्रशासन ने व्यवस्था तय की है। जिले में 73 गेहूं क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद की जाएगी।
जिले में 15 अप्रैल से शुरू हो रही गेहूं खरीद को लेकर डीएम आंद्रा वामसी ने निर्देश जारी किए हैं। किसानों को टोकन के जरिए गेहूं की बिक्री करनी होगी। निर्देशों के मुताबिक क्रय केंद्रों पर भीड़ न लगे इसके लिए एक बार में अधिकतम 300 क्विंटल गेहूं बेचा जा सकेगा। जिले में हर ब्लॉक और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बना दिए गए हैं। इस पर किसान पंजीकृत मोबाइल नंबर से फोन करेंगे। जिसके बाद कंट्रोल रूम पर तैनात कर्मचारी मोबाइल नंबर और पंजीकरण आईडी को नोट कर क्रय केंद्र प्रभारी को अवगत कराएगा। क्रय केंद्र प्रभारी किसान के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर टोकन जारी कर गेहूं बेचने की तिथि और समय नोट कराएंगे। क्रय केंद्र पर आने वाले किसान और पल्लेदारों का सैनिटाइजेशन कराया जाएगा। साथ ही मंडी में केवल किसान को ही प्रवेश दिया जाएगा। डीएम ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी दशा में क्रय केंद्र पर पांच से अधिक लोग जमा नहीं हो सकेंगे।
डीएम ने निर्देशों में कहा है कि गेहूं खरीद की रोज समीक्षा की जाएगी। इसके लिए जिला खरीद अधिकारी, एसडीएम, मंडी सचिव और जिला खाद्य विपणन अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
-------------
ये हैं कंट्रोल रूम के नंबर
जिला स्तरीय- 8418996745
ब्लॉक बड़ागांव और नगर निगम:- 9450073691
चिरगांव- 9340331822
मोंठ- 9936638605
बामौर- 6388698768
गुरसराय- 7388778302
बबीना- 8707035975
मऊरानीपुर- 9140648697
बंगरा- 9936638605
---------