झांसी। गणतंत्र दिवस के जश्न को यादगार बनाने के लिए अमर उजाला की ओर से 24 जनवरी (रविवार) को तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में शामिल होने का आमंत्रण देने के लिए मंगलवार को संस्था ‘मानवता के लिए एक कदम’ की टोली ने हंसारी क्षेत्र में भ्रमण किया। इस दौरान लोगों को तिरंगा भेंटकर यात्रा में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया।
टोली की अगुवाई कर रहे संस्था के अध्यक्ष जगमोहन बड़ौनिया ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्रभक्ति से जुड़ा आयोजन है। इसमें सभी को बढ़- चढ़कर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए। लोगों को तिरंगा भेंट करते हुए बताया गया कि यात्रा 24 जनवरी को दोपहर दो बजे नुमाइश ग्राउंड से शुरू होकर इलाइट, जीवनशाह होते हुए महारानी लक्ष्मीबाई पार्क में पहुंचकर समाप्त होगी। जबकि, अगले दिन 25 जनवरी (सोमवार) को महारानी लक्ष्मीबाई पार्क में रानी की प्रतिमा के समक्ष दीपांजलि होगी, जिसमें देश के अमर सेनानियों की याद में दीप जलाए जाएंगे। बुलावा टोली में शामिल लोगों ने वंदेमातरम व भारत माता की जय के नारे गुंजायमान किए।
इस मौके पर मिथुन अहिरवार, बॉबी, संगीता सिंह, काजल, सपना, दीक्षा, संजना, अपर्णा सेन, भूमि, आरती वर्मा, रोशनी वर्मा, पूनम, कामिनी, अंजनी, मीनू, ऑडिटर त्रिलोक कुशवाहा, प्रबंधक जयश्री सेन, कोषाध्यक्ष मनोरमा शर्मा, पार्षद अरविंद बबलू आदि मौजूद रहे।