झांसी। बुंदेलखंड तापीय विद्युत संविदा कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने पारीछा थर्मल पावर में कार्यरत संविदा कर्मचारियों की सैलरी का समय पर भुगतान कराने के साथ अन्य सुविधाएं दिलाए जाने के लिए दस सूत्रीय ज्ञापन पत्र उपश्रमायुक्त को सौंपा।
कर्मचारी संघ के महामंत्री लखनलाल रजक ने ज्ञापन में बताया कि संविदा कर्मचारियों को मेसर्स इनगो कंस्ट्रक्शन लिमिटेड कंपनी द्वारा सैलरी का भुगतान किया जाता है, लेकिन कंपनी समय पर भुगतान नहीं कर रही है। साथ ही बताया कि कर्मचारियों को ईएल, सीएल, एनएच, पीएच, बोनस, पे स्लिप, सैलरी, यूनिफार्म, सैफ्टी आइटम, पीएफ स्किल कैटेगरी ओवरटाइम, सैलरी इंक्रीमेंट, ईएसआई आदि सुविधाएं कंपनी द्वारा नहीं दी जा रहीं हैं। इससे कर्मचारी संघ में रोष है। साथ ही बताया कि सभी को 15 मार्च तक उक्त सुविधाओं का लाभ जल्द से जल्द दिलवाया जाए। भुगतान न होने की स्थिति में सभी कर्मचारी उपश्रमायुक्त के कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे। ज्ञापन पत्र पर अध्यक्ष गजराज सिंह, उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार तिवारी, महामंत्री लखनलाल रजक और कोषाध्यक्ष चंद्रभान सिंह यादव के हस्ताक्षर हैं।