झांसी। टूंडला व कानपुर स्टेशन के बीच शुक्रवार को तड़के एक मालगाड़ी के पटरी से उतरने के कारण झांसी आने और जाने वालीं तीन ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया। साथ ही दो ट्रेनों को झांसी होकर परिवर्तित मार्ग से गुजारा गया। इससे यात्री परेशान रहे।
शुक्रवार की सुबह चार बजे टूंडला व कानपुर के मध्य पड़ने वाले अमियापुर व रोरा स्टेशनों के बीच एक मालगाड़ी के 24 वैगन पटरी से उतर गए। इससे कानपुर से टूंडला होकर दिल्ली जाने वाले ट्रैक का यातायात ठप पड़ गया। इस घटना के कारण रेल प्रशासन ने शुक्रवार को 01813 झांसी कानपुर मेमू, 01805 झांसी आगरा स्पेशल और 01806 आगरा झांसी स्पेशल निरस्त कर दिया। इसके अलावा 08309 संभलपुर जम्मूतवी एक्सप्रेस को मानिकपुर, झांसी, आगरा, मथुरा और 09069 ओखा वाराणसी एक्सप्रेस को आगरा झांसी कानपुर प्रयागराज के रास्ते गंतव्य के लिए रवाना किया गया।