Three more dead corona now total 152 case
झांसी। कोरोना वायरस के संक्रमण से जिले को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। नए मरीज सामने आने के साथ-साथ मौत का आंकड़ा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को इस महामारी के 80 नए मरीज सामने आए। जबकि, तीन संक्रमितों की मौत भी हुई है।
मसीहागंज सीपरी बाजार निवासी 66 वर्षीय एक व्यक्ति को बुखार, कफ व सांस लेने में परेशानी होने पर महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया था। यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई है। आरा मशीन सुभाष नगर निवासी 60 वर्षीय महिला में भी कोरोना के सामान्य लक्षण पाए जाने पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया था। उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इसी तरह प्रेमनगर के 72 वर्षीय कोरोना संक्रमित की भी मौत हुई है। तीनों मृतक हाइपरटेंशन व डायबिटीज से ग्रसित थे। जिले में अब तक 152 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
वहीं, 2595 नमूनों की जांच में 80 नए मरीज सामने आए हैं। जबकि, अब तक 7177 लोगों में इस महामारी का संक्रमण पाया जा चुका है। हालांकि, इनमें से 5385 डिस्चार्ज किए जा चुके हैं और 797 अपना होम आइसोलेशन पूर कर चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट बढ़कर 86.13 प्रतिशत पर पहुुंच गया है। वर्तमान में 843 सक्रिय संक्रमित हैं। इनमें से 181 को छोड़ बाकी सभी बगैर या सूक्ष्म लक्षण वाले रोगी हैं।