झांसी। झांसी में कोरोना वायरस ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। जेल के कैदी, स्वास्थ्य कर्मचारी समेत कोविड के 300 केस शनिवार को सामने आए हैं। अब झांसी में एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 1518 हो गई है।
जिले में कोरोना के 3813 सैंपलों की शनिवार को जांच की गई। इनमें सबसे ज्यादा आरटीपीसीआर मशीन से 2217, एंटीजन किट से 1588 और ट्रू नेट से आठ नमूने जांचे गए। इनकी जांच में 300 कोरोना संक्रमित सामने आए हैं, जो कि तीसरी लहर का रिकॉर्ड है। कई दिनों बाद जेल का एक और कैदी कोरोना की चपेट में आ गया है। उसे जेल में ही आइसोलेट कर दिया है। वहीं, स्वास्थ्य कर्मचारी के अलावा आवास विकास, नंदनपुरा, सीपरी बाजार, सिविल लाइन, बड़ाबाजार के पास, मोंठ समेत विभिन्न ग्रामीण इलाकों से भी कोरोना के केस सामने आए हैं। जिले में कोरोना के बढ़ते मामलों के साथ-साथ पॉजिटिविटी रेट भी तेजी से बढ़ रहा है। अब झांसी में दर 5.72 फीसदी है, जो कि चार सप्ताह पहले तक महज एक फीसदी के आसपास थी।