संवाद न्यूज एजेंसी
गुरसराय। डॉ. राममनोहर लोहिया महिला महाविद्यालय में महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें सात महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए महोबा के वीर भूमि पीजी महाविद्यालय की छात्राओं ने विजेता का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस, वीर भूमि पीजी महाविद्यालय महोबा, डीवीसी कॉलेज उरई, अतर्रा पीजी महाविद्यालय, डॉ. राममनोहर लोहिया महिला महाविद्यालय, पहलवान गुरुदीन कॉलेज ललितपुर और एसआर कॉलेज अंबावाय की टीमों ने हिस्सा लिया। सेमीफाइनल में वीर भूमि पीजी महाविद्यालय महोबा, पहलवान गुरुदीन कॉलेज ललितपुर, अतर्रा पीजी महाविद्यालय और बीयू कैंपस की टीमों ने जगह बनाई। जबकि, फाइनल मुकाबला में बीयू कैंपस और वीर भूमि पीजी महाविद्यालय महोबा के बीच हुआ, जिसमें वीर भूमि पीजी महाविद्यालय महोबा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 24-27 से जीत हासिल की।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के खेल अधिकारी सूरज पाल सिंह और विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह समेत डॉ. सुरेश घोष, डॉ. रविंद्र प्रकाश अरजरिया, सतीश चौरसिया, चंद्रप्रकाश चौरसिया, संदीप कोठारी, जनक सिंह गौर, रामनारायण पस्तोर, कश्मीर सिंह व दिब्बन यादव रहे। इस दौरान पूर्व विधायक ने कहा कि ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलता है और वे आगे चलकर प्रदेश व देश के लिए भी खेल सकते हैं। अतिथियों का स्वागत महाविद्यालय की प्राचार्य डा. पिंकी सिंह, नीलेश, राकेश सोनी, लल्ला यादव, नीरज पटेल, सलमान, अरविंद कुशवाहा व पप्पू परिहार ने किया। विवेक बरसैंया ने गजल प्रस्तुत की। छात्राओं ने सामूहिक स्वागत गीत प्रस्तुत किया। संचालन गुलाब राय शर्मा ने किया। उद्घोषणा जगमोहन ने की।
इस मौके पर उप प्राचार्य डॉ. धीरज दीक्षित, डॉ. वीरेंद्र सिंह, डॉ. अजय गौर, डॉ. आराधना यादव, लल्लू यादव, राम राजपूत आदि उपस्थित रहे।