झांसी। दतिया गेट बाहर स्थित मोहल्ला भाई जान का बाड़ा और ढिमरयाना में पीने के पानी की समस्या है। नल तो आ रहे हैं, लेकिन उनका समय निर्धारित नहीं है। इस कारण कभी एक दिन तो कभी दो दिन बाद नल आ रहे हैं। पानी की आपूर्ति नहीं होने के कारण यहां के निवासियों को पीने के पानी का कैंपर खरीदना पड़ रहा है। यहां की आबादी तकरीबन चार हजार है।
मोहल्ला भाई जान का बाड़ा और ढिमरयाना की आबादी लगभग चार हजार है। करीब एक साल पहले यहां की पाइपलाइन टूट गई थी। मोहल्ले वालों द्वारा पार्षद के नेतृत्व में बार-बार शिकायत करने और धरना-प्रदर्शन करने के बाद किसी तरह लाइन सही हुई। लोगों को उम्मीद थी कि अब कोई समस्या नहीं होगी, लेकिन डेढ़ महीने से अब दोबारा समस्या हो रही है। यहां के लोग नलों में पानी आने का इंतजार करते रहते हैं, लेकिन पानी नियमित नहीं आता है। ऐसे में जिनके पास पानी स्टोर करने की सुविधा है, उन्हें तो कोई फर्क नहीं पड़ता है, लेकिन जिसके यहां स्टोर करने की सुविधा नहीं है, वह लोग परेशान रहते हैं। लोगों को प्यास बुझाने के लिए पानी के कैंपर खरीदने पड़ रहे हैं।
पानी आता है, लेकिन नियमित तौर पर नहीं। दो दिन पहले आया था। समझ में नहीं आता कि आखिर क्या वजह है जो आए दिन पानी नहीं आता है। जल संस्थान में शिकायत की है।
चुन्ना
पानी एक दिन आता है और दूसरे दिन गायब हो जाता है। इस कारण बहुत परेशानी है। कई बार जलसंस्थान में शिकायत भी कर चुके हैं। इससे एक-दो दिन ठीक, फिर वही ढर्रा बन जाता है।
हसीब अहमद, पेश इमाम माई साब की मस्जिद
नियमित पानी आ रहा था, लेकिन डेढ़ महीने से समस्या आ गई है। वॉल्व पूरा नहीं खुलने के कारण फोर्स से पानी नहीं आ रहा है। जनहित में पानी की समस्या का समाधान कराया जाए।
मोनू
मोहल्ला ढिमरयाना में पानी की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। डेढ़ महीने से अधिक समय हो गया। मोहल्ले में काफी दूरी पर लगे हैंडपंप के पानी से काम चलाना पड़ रहा है।
- दशरथ
कई बार विभाग में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन पानी की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। पहले पाइपलाइन टूटी थी। जैसे- तैसे सही हुई तो अब पानी नहीं आ रहा है।
- खुश्बू
पाइपलाइन टूटी थी, उसे सही करा दिया गया। इसके बाद भी पानी नहीं आ रहा है। जलसंस्थान इस ओर ध्यान नहीं देता है।
- अखलाक मकरानी, पार्षद प्रतिनिधि
आपरेटरों की शिकायत मिल रही थी। सभी के साथ बैठक कर निर्देश दिए गए हैं कि यदि कहीं से कम प्रेशर से पानी खोलने की शिकायत मिली तो जिम्मेदार के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
- आरएसएस बादलीवाल, अधिशासी अभियंता
जलसंस्थान