मेडिलीपार और सीसीटीएनएस पोर्टल जुड़ने से मिलेगा फायदा
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की तकनीकी विंग संयुक्त रूप से पुलिसकर्मियों को ऑनलाइन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए अनुरोध पत्र भेजने का प्रशिक्षण देगी। इससे पोस्टमार्टम खत्म होने के कुछ समय बाद ही संबंधित थाने और पुलिस कप्तान को रिपोर्ट मिलेगी।
मेडिको लीगल एक्जामिनेशन एंड पोस्टमार्टम रिपोर्ट (मेडिलीपार) पोर्टल के जरिए पुलिस के सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम) पोर्टल को जोड़ दिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ऑनलाइन प्राप्त करने के लिए संबंधित थाना पुलिस को सीसीटीएनएस पोर्टल के माध्यम से अनुरोध पत्र भेजना होगा। पोस्टमार्टम हाउस पर लगे कंप्यूटर सिस्टम पर इसका संकेत मिलेगा। पोस्टमार्टम करके रिपोर्ट संबंधित थाना पुलिस को भेज देंगे। नोडल अधिकारी डॉ. शैलेश कुमार गुप्ता के मुताबिक जल्द पुलिस कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा वहीं, एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया कि मेडिलीपार और सीसीटीएनएस पोर्टल कनेक्ट हैं। इससे पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने में आसानी रहेगी।