झांसी। दुष्कर्म में नाकाम होने पर चलती ट्रेन से युवती को फेंकने वाले युवक को मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। अदालत से उसे 14 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पिछले सप्ताह बुधवार को बांदा की एक युवती महोबा - खजुराहो पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रही थी। ट्रेन के कोच में युवती के अलावा एक युवक मौजूद था। कोच में सवारियां न होने का फायदा उठाते हुए छतरपुर के पास युवक ने युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी और दुष्कर्म की कोशिश करने लगा। युवती के विरोध करने पर युवक ने उसे चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे उपचार के लिए छतरपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत नाजुक होने पर यहां से उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया था। वहां उसका उपचार जारी है। वहीं, घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक की पहचान ललितपुर के थाना बानपुर के ग्राम सूरी निवासी रामबाबू यादव (30) के रूप में की थी। घटना के बाद से आरोपी की लोकेशन एमपी के टीकमगढ़ के आसपास मिल रही थी। सोमवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आपराधिक रिकॉड खंगालने पर युवक पर 2019 में चोरी का एक मुकदमा दर्ज पाया गया। बताया गया कि युवक पहले जेसीबी मशीन चलाता था, लेकिन लंबे समय से काम नहीं कर रहा था। घटना के बाद भी वह घटना स्थल पर मौजूद था। भीड़ ने उसे पकड़ भी लिया था, लेकिन वो चकमा देकर भाग गया था।