संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। छोटे भाई की शादी की खरीदारी करने बाजार आए युवक का जेवरात से भरा बैग बदमाश लेकर गायब हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस दुकानों के में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधारपर बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
ग्राम सिजारी खुर्द थाना लहचूरा निवासी रमेश रैकवार ने कोतवाली पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह 22 अप्रैल की दोपहर लगभग 02:15 अपने छोटे भाई की शादी के लिए सोने-चांदी के आभूषण लेकर सफाई कराने एक सर्राफ की दुकान पर आया हुआ था। बैग में लगभग एक लाख रुपये सोने-चांदी के आभूषण रखे हुए थे। वह बैग दुकान से लेकर पैदल बाजार में होते हुए घर जा रहा था। बाजार के मध्य अल्याई मोहल्ला बड़ाबाजार दीवान जू मंदिर के पास पहले से घात लगाए अज्ञात बदमाशों ने उसकी शर्ट पर गंदगी डाल दी। इसके बाद उन्होंने कहा कि तुम्हारी शर्ट गंदी हो गई है। युवक ने बताया कि वह मंदिर के पास लगे हैंडपंप के किनारे थैला रखकर शर्ट साफ करने लगा। तभी तौलिया से चेहरा को छुपाए अज्ञात बदमाश ने थैला उठाया और बाजार में होता हुआ नगर पालिका की ओर भाग गया।कोतवाली पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।