झांसी। दीपावली का त्योहार मनाकर घर वापस लौट रहे रेलवे के सहायक मंडल अभियंता की पत्नी का पर्स बाइक सवार दो बदमाश छीन ले गए। स्टेशन परिसर के बाहर सरे राह बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अब तक हाथ खाली बने हुए हैं।
रेलवे में सहायक मंडल अभियंता के पद पर तैनात देशराज सिंह अपने परिवार के साथ स्टेशन के पास स्थित रेलवे अधिकारी कॉलोनी में रहते हैं। दीपावली के पर्व पर वो अपनी पत्नी कामना के साथ भाई के घर इटावा गए हुए थे। पांच नवंबर की रात तकरीबन ग्यारह बजे वे ट्रेन से वापस झांसी लौटे। स्टेशन से बाहर निकलने के बाद वे तिराहे पर शुक्ला सदन के पास खड़े हो गए। उनके साथ दो बड़े बैग और पत्नी के पास हैंड बैग था, जिसमें साठ हजार रुपये नकद व कागजात रखे हुए थे। बड़े बैगों के ऊपर पत्नी का हैंडबैग रखकर वे घर से अपनी गाड़ी बुलाने के बारे में सोच रहे थे। इसी दरम्यान पीछे से एक युवक दौड़ता हुआ आया और हैंडबैग उठाकर भागने लगा। पास में ही एक अन्य युवक बाइक स्टार्ट करके खड़ा हुआ था। दोनों बाइक पर सवार होकर तेज गति से चित्रा चौराहे की ओर भाग दिए। देशराज ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे हाथ नहीं आ सके। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। काफी खोजबीन के बाद भी बदमाशों का पता नहीं चल सका। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन हाथ अब तक खाली ही बने हुए हैं।