अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रक्सा के डेली गांव निवासी बेकरी संचालक प्रतिपाल सिंह कुशवाहा को थाने के हिस्ट्रीशीटर बदमाश धीरज अहिरवार ने दुकान के भीतर से घसीटकर सरे बाजार चप्पलों से पीटा। करीब डेढ़ मिनट तक अपने साथियों के साथ मिलकर वह कारोबारी पर थप्पड़ एवं चप्पलों की बारिश करता रहा। हिस्ट्रीशीटर बदमाश के दुस्साहस को देखते हुए आसपास के लोगों में भी उसे बचाने की हिम्मत नहीं आई। किसी तरह कुछ महिलाओं ने आगे बढ़कर बीच-बचाव किया। बेकरी संचालक ने रक्सा थाने में तहरीर दी लेकिन, पुलिस ने मामूली धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर इतिश्री कर ली। कारोबारी की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
बेकरी संचालक प्रतिपाल ने पुलिस बताया कि हाईवे पर उसकी बेकरी की दुकान है। पड़ोस में हिस्ट्रीशीटर बदमाश धीरज अहिरवार रहता है। सोमवार को धीरज अपने चार साथियों के साथ उसकी दुकान में आ पहुंचा। उसके साथ विवाद करता हुआ दुकान से बाहर घसीट लिया। इसके बाद सार्वजनिक तौर पर उसकी चप्पलों से पिटाई की। घटना की सूचना पुलिस को देने पर सिर्फ गाली-गलौज की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई। वहीं, रक्सा थाना प्रभारी राहुल राठौर का कहना है कि तहरीर के आधार पर ही रिपोर्ट दर्ज की गई है।