अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रक्सा के सारमऊ में गोली लगने से घायल युवक की हालत में बुधवार को मामूली सुधार हुआ। मेडिकल रिपोर्ट में युवक की चार पसलियां गोली लगने की वजह से क्षतिग्रस्त पाई गईं। उधर, रक्सा पुलिस ने दबिश देकर गोली मारने वाले पिता-पुत्र समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिता के पास से तमंचा समेत कारतूस भी बरामद हुआ है।
सोमवार रात 10 बजे सारमऊ गांव निवासी बलराम अहिरवार (40) को पड़ोस में रहने वाले हरिमोहन एवं दिलीप ने तमंचा से गोली मारकर घायल कर दिया था। इस मामले में बलराम के परिजनों ने हरिमोहन, उसकी पत्नी आशा, पुत्र दिलीप समेत उसके भाई जितेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बलराम के भाई कल्याण के मुताबिक, बलराम की बाइक हरिमोहन के घर के बाहर बने स्पीड ब्रेकर पर बंद हो गई। वहां बलराम ने गुटखा थूक दिया। हरिमोहन की पत्नी आशा बगल में खड़ी थी। इस बात पर दोनों में विवाद हो गया। इसी बीच हरिमोहन ने गोली चला दी। गोली बलराम के कमर में लगी। पसलियां तोड़ते हुए सीने से बाहर निकल गई। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।