अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सीपरी बाजार निवासी महिपाल सिंह की हत्या के 72 घंटे बाद भी हत्यारोपी प्रेमिका सावित्री समेत उसका पुत्र अभी तक बेसुराग है। पुलिस दोनों की तलाश में दबिश दे रही है। उधर, पुलिस ने महिपाल के गांव गुर्जरा पहुंचकर उसके परिजनों से पूछताछ की। उनसे भी पुलिस को कोई मदद नहीं मिल सकी।
मूल रूप से दतिया के गुर्जरा गांव निवासी महिपाल यहां रहकर प्राइवेट काम करता था। पत्नी मुखी तीन बच्चों के साथ गांव में रहती है। यहां उसका एक महिला से प्रेम संबंध था। प्रेमिका का एक बेटा है। दोनों ने उससे 1.50 लाख रुपये कर्ज लिया था। बृहस्पतिवार को महिपाल को फोन करके उसकी प्रेमिका ने रेलवे स्टेशन बुलाया। महिपाल ने मौत से पहले इस पूरी घटना के बारे में फोन पर अपनी पत्नी मुखी को बताया था। अब पुलिस इसी ऑडियो रिर्काडिंग के सहारे हत्यारोपियों को तलाश रही है। महिपाल ने पत्नी को बताया था कि उसकी प्रेमिका सावित्री अपने बेटे के साथ मिलकर उसकी हत्या कराना चाहती है। साजिश के तहत पहले उसे रेलवे स्टेशन के पीछे बुलाया गया। यहां सावित्री के बेटे ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसे बुरी तरह पीटा। सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम का कहना है कि घटनास्थल के आसपास से सीसीटीवी कैमरे की फुटेज ली गई है। अभी तक हत्यारोपियों का सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस इनको तलाश रही है।