झांसी। पहूज नदी से बालू निकाले जाने के दौरान हुए हादसे में बालू के ढेर के नीचे दबने से एक किशोर की मौत हो गई। मृतक की मां ने ट्रैक्टर चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शिकायत पुलिस से की है।
थाना प्र्रेमनगर इलाके के सुम्मेरनगर नगरा निवासी स्व. धनीराम का पुत्र अभिषेक अहिरवार (16) शुक्रवार को अपने घर पर था। इसी दरम्यान खोड़न में रहने वाला एक व्यक्ति उसके घर पहुंचा और बालू की उठान के लिए उसे अपने साथ ले गया। यहां नदी के पास लगे एक ढेर से बालू ट्रैक्टर ट्रॉली में भरी जा रही थी। इस दरम्यान अचानक ट्रैक्टर बैक कर दिया। पीछे अभिषेक खड़ा हुआ था। वो ट्रैक्टर ट्रॉली और बालू के ढेर के बीच आ गया। इसी बीच बालू का ढेर ढह गया, जिसके नीचे अभिषेक दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अभिषेक के साथ उसका मामा ओमप्रकाश भी वहां मौजूद था, जो बाल-बाल बच गया। मृतक किशोर की मां पूनम की ओर से घटना की शिकायत पुलिस की गई है। मां ने ट्रैक्टर चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
कंधों पर संभाले था परिवार की जिम्मेदारी
झांसी। बालू के ढेर में दबने से मारा गया अभिषेक अहिरवार परिवार का कमाऊ सदस्य था। उसके पिता धनीराम की चार साल पहले मौत हो गई थी। परिवार में मां के अलावा 14 साल की बहन और 8 साल का एक भाई था। होश संभालने के साथ ही अभिषेक ने परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी भी संभाल ली थी। उसकी मौत के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।