- उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने डीआईओएस को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने शनिवार को डीआईओएस को ज्ञापन सौंपा। कहा कि माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा परीक्षा और मूल्यांकन के पारिश्रमिक के लिए जारी निर्देशों के अनुसार भुगतान नहीं हो रहा है। चयन वेतनमान में कार्यालय द्वारा अत्याधिक देरी से स्वीकृत आदेश जारी होने से राशि अवशेष रह जाती है।
संघ ने कहा कि अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों में कार्यालय और विभागीय आदेश, निर्देश को लेकर असमंजस है। इंटरमीडिएट एजुकेशन एक्ट में अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की सेवा शर्तें प्रबंध समिति के अधीन होती हैं। प्रत्यक्ष रूप से शिक्षक की नियुक्ति प्राधिकारी विद्यालय प्रबंधक होते हैं। ऐसी स्थिति में अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों के शिक्षण कार्य राजकीय विद्यालयों में उसकी सत्यनिष्ठा और संतोषजनक सेवा का प्रमाणीकरण कैसे होगा। इसको लेकर शिक्षकों में जिज्ञासा है।
शिक्षकों द्वारा आकस्मिकता में जीपीएफ के ऋण में कार्यालय द्वारा अनावश्यक रूप से विलंब किया जाता है। ऐसी स्थिति में शिक्षक द्वारा राशि की व्यवस्था के लिए अन्य माध्यमों, स्रोतों के समक्ष दयनीय भावनापूर्वक क्षतिपूर्ति की जाती है। अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में सेवानिवृत्त 19 शिक्षकों के जीपीएफ, एनपीएस, पेंशन, सामूहिक बीमा आदि 31 मार्च तक प्राप्त हो जाना चाहिए था मगर अब तक निस्तारित नहीं किया गया।