श्रम विभाग की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं: राज्यमंत्री
झांसी। श्रम कल्याण परिषद उप्र के अध्यक्ष/ राज्यमंत्री सुनील भराला ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से झांसी मंडल में श्रम कल्याण परिषद के अंतर्गत चल रही योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ श्रमिक उठाएं।
उन्होंने श्रम कल्याण परिषद के अंतर्गत तीन नवीन योजनाएं व पूर्व में चल रही योजनाओं गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार राशि योजना, डा. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक शिक्षा सहायता योजना, राजा हरिश्चंद्र मृतक आश्रित सहायता योजना, ज्योतिबा फुले कन्यादान योजना, दत्तोपंत ठेंगड़ी मृतक अंत्येष्टि सहायता योजना समेत अन्य योजनाओं की समीक्षा की। जिले में संचालित योजनाओं की प्रगति की सराहना की। कोविड- 19 में पंजीकृत कारखानों में कार्यरत जिन श्रमिकों की मृत्यु हो गई है, उनके परिजनों से आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए।
उप श्रमायुक्त नदीम अहमद ने सभी उद्योगपतियों, श्रमिक यूनियनों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों से कहा कि अधिक से अधिक श्रमिकों के आवेदन पत्र पूर्ण कराएं और जनसेवा केंद्र के माध्यम से अथवा उप श्रम आयुक्त कार्यालय में किसी भी कार्यदिवस में आवेदन कर सकते है। योजनाओं की जानकारी श्रम प्रवर्तन अधिकारी आशीष कुमार अवस्थी के मोबाइल नंबर 9936337691 एवं श्रम प्रवर्तन अधिकारी नीलम के मोबाइल नंबर 7800454831 से प्राप्त की जा सकती है।