झांसी। भइया के लिए शुभ स्वास्तिक राखी और भाभी के लिए चूड़ी व झुमका स्टाइल लुंबा अबकी रक्षाबंधन के लिए खास है। वहीं कपूर, लौंग और इलाइची वाली वैदिक राखियां भी हैं। बाजार में दुकानें सज गई हैं। वहीं, अबकी बार दुकानों में राखी की खरीदारी कर रहीं महिलाओं को मिठाई भी खिलाई जा रही।
भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन का त्योहार रविवार (22 अगस्त) को मनाया जाएगा। ऐसे में राखियों का बाजार भी खूब सज गया है। बाजार में इस बार मोरपंख, स्वास्तिक, ऊं, हार्टशेप और चेन स्टाइल में रेशम के धागों में लिपटी राखियों की ढेरों वैरायटी हैं। अबकी रक्षाबंधन पर रेशम के धागों और सिल्वर व गोल्डन चेन में गुथी राखियां बेहद सुंदर हैं। इन राखियों में रंग-बिरंगे मोती, स्टोन, तुलसी और चंदन की वैरायटी सभी को पसंद आने वाली है। इसके अलावा भाई के लिए उपलब्ध डोरी वाली राखियों के साथ-साथ भाभियों के लिए भी बहुत कुछ खास है। अबकी झुमका और चूड़ी स्टाइल लुंबे बिल्कुल खास हैं। इनकी कीमत डिजाइन के अनुसार 25 रुपये लेकर 150 रुपये तक है। लौंग, इलाइची और कपूर वाली राखियां संक्रामक बीमारियों से भी बचाव करेंगी। मानिक चौक, सदर और सीपरी बाजार में ऐसी राखियों की कई दुकानें सज गई हैं। बाजार में बंसल कॉलोनी की माधवी सिंह और मांडवी सिंह ने मेहंदी रचाकर भाई के लिए सुंदर राखियां पसंद कीं। नारायण बाग की शिवांगी सूर्यवंशी और सविता ने कहा कि इस बार बहुत अच्छी डिजाइनें आई हैं। इसके अलावा चॉकलेट, कुकीज, टैडीवेयर वाले डेकोरेट गिफ्ट आइटम भी खास हैं।
बच्चों के लिए कार्टून और बेबी डॉल राखियां
बाजार में बच्चों के लिए भी बहुत कुछ नया है। कार्टून करेक्टर बेन-10, मोटू पतलू, एंग्री बर्ड, टैडीवेयर, स्पाइडर मैन और मिक्की माउस वाली कई राखियां हैं। इनके अलावा रंग-बिरंगी लाइट वाली घड़ी, स्टिक और बेबी डॉल स्टाइल राखियां बेहद सुंदर हैं। इनकी कीमत 20 रुपये से लेक र 70 रुपये तक हैं। राजगढ़ पीएसी बटालियन से अपनी मां के साथ राखी लेने आईं वंशिका ने बेबी डॉल राखी पसंद की।
इस बार नई डिजाइनों के साथ कम से कम दाम की राखियां बाजार में हैं। - रिक्की खान
अबकी भइया-भाभी की राखियों संग रोली-चावल व सिक्कों वाले पैक भी उपलब्ध हैं। - विजय वर्मा
दुकान पर राखी खरीदने आ रहीं महिलाओं को पहले मिठाई खिलाई जा रही है। -नितिन