झांसी। मसीहागंज निवासी एक युवक ने बृहस्पतिवार देर रात फेसबुक पर आत्महत्या करने की धमकी देकर वीडियो वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही सतर्क हुई पुलिस युवक की तलाश में जुट गई। शुक्रवार तड़के पुलिस ने युवक के घर पहुंचकर उसे हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार वह नशे में था। वहीं, युवक ने एक व्यक्ति पर उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। देर रात दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
थाना सीपरी बाजार क्षेत्र के मसीहागंज निवासी सनी अड़जरिया ने देर रात फेसबुक पर आत्महत्या करने की धमकी देकर करीब डेढ़ मिनट का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वीडियो में उसने बताया है कि राकेश नाम का व्यक्ति उसे प्रताड़ित कर मारपीट कर रहा है। वह इससे परेशान हो चुका है और अब जान देने जा रहा है। वीडियो बनाकर उसने फेसबुक पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होते ही दोस्त व रिश्तेदार घबरा गए। वीडियो पुलिस के पास पहुंचते ही वह भी तलाश में जुट गई। इधर, दोस्त व रिश्तेदार भी पुलिस से संपर्क करने में लग गए। पुलिस ने युवक के मोबाइल नंबर भी संपर्क साधा, लेकिन बात नहीं हो सकी। शुक्रवार तड़के पुलिस ने घर पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार सनी शराब के नशे में था और वीडियो अपलोड कर दी। सीपरी बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता ने बताया कि देर रात सनी अड़जरिया और राकेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।