गतिमान एक्सप्रेस से टकराया पत्थर, दुर्घटना टली
झांसी। निजामुद्दीन से झांसी आने वाली गतिमान एक्सप्रेस से रविवार को ग्वालियर सिथौली स्टेशन के बीच पत्थर टकरा गया। हालांकि, इससे कोई दुर्घटना नहीं हो सकी। इंजन की ग्रिल जरूर क्षतिग्रस्त हो गई। ट्रेन चालक ने मामले की जानकारी सिथौली स्टेशन मास्टर को दी। सूचना पर आरपीएफ व रेल पथ निरीक्षक ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
रेल मंडल में बरसात के दिनों में रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों से पत्थर टकराने की घटनाएं बढ़ गईं हैं। रविवार की सुबह 11 बजे 02050 अप गतिमान एक्सप्रेस तेज गति जब ग्वालियर स्टेशन से सिथौली स्टेशन की तरफ बढ़ रही थी, तभी चालक को इंजन से किसी पत्थर के टकराने की आवाज आई। हालांकि, इससे ट्रेन के संचालन पर कोई व्यवधान नहीं पड़ा। चालक गाड़ी को आगे बढ़ाते चला गया। बाद में चालक ने वॉकी टॉकी पर मामले की जानकारी सिथौली स्टेशन मास्टर को मामले की जानकारी दी। सूचना पर आरपीएफ व रेल पथ निरीक्षक मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल के आसपास कोई बड़ा पत्थर नहीं मिला और न ही कोई व्यक्ति नजर आया। इस पर कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
विगत दो जुलाई की सुबह ओरछा व बरुआसागर स्टेशन के बीच पड़ने वाले बेतवा पुल के निकट पहाड़ी से एक चट्टान बारिश के दौरान टूटकर पटरी के पास आ गई थी। इसी बीच सुबह पांच बजे झांसी से बांदा की तरफ तेज गति से जा रही खाली मालगाड़ी से उक्त चट्टान का एक सिरा टकराने से इंजन के दो पहिये पटरी से उतर गए थे।
हिमसागर एक्सप्रेस से जानवर कटा
झांसी। हिमसागर एक्सप्रेस से रविवार को सोनागिर व कोटरा स्टेशन के बीच जानवर कट गया। इससे ट्रेन लेट हो गई।
रविवार को कन्याकुमारी से जम्मूतवी जाने वाली 06317 डाउन हिमसागर एक्सप्रेस सोनागिर से कोटरा स्टेशन की तरफ बढ़ रही थी। तभी रास्ते में ट्रेन से जानवर कट गया। घटना के कारण चालक को ट्रेन मौके पर रोकने पड़ी। ट्रेन रुकने पर सह चालक ने इंजन की जांच की। सब दुरुस्त मिलने पर ट्रेन आगे के लिए रवाना हो गई।
शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आने से युवक की मौत
झांसी। शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आने से अनंतपेट व डबरा स्टेशन के बीच एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रविवार को नई दिल्ली से हबीबगंज जाने वाली 02002 अप शताब्दी एक्सप्रेस अनंतपेट से डबरा स्टेशन की तरफ बढ़ रही थी, तभी रास्ते एक युवक इंजन की चपेट में आ गया। इससे मौके पर ही मौत हो गई। इस बात की जानकारी चालक ने वॉकीटॉकी पर डबरा स्टेशन मास्टर को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना के कारण ट्रेन लेट नहीं हो सकी।