झांसी। जिलाधिकारी द्वारा बनाई गई टीम ने पिछले एक माह के भीतर हुए अस्सी बड़े बैनामों की जांच की गई। इनमें से आठ में 17,21,710 रुपये की स्टांप ड्यूटी की चोरी पकड़ी गई। स्टांप ड्यूटी की चोरी के सभी मामलों में मुकदमे दर्ज कराकर अर्थदंड लगाया जाएगा।
बैनामों की जांच जिलाधिकारी आंद्रा वामसी ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), झांसी, मोंठ, मऊरानीपुर, गरौठा व टहरौली के एसडीएम तथा एसडीएम (न्यायिक) से कराई। जांच में एक आवासीय भवन वाणिज्यिक प्रकृति का मिला। इसके बैनामे में 12,84,500 रुपये स्टांप ड्यूटी कम पाई गई। एक अन्य मामले में सड़क की चौड़ाई अधिक होने पर 22,400 रुपये स्टांप कम मिले, वहीं एक संपत्ति में क्रय के दौरान टीन शेड पाए जाने पर 32,050 रुपये की स्टांप ड्यूट कम मिली। इसी प्रकार पांच अन्य बैनामों की जांच में स्टांप ड्यूटी की चोरी पकड़ी गई। डीएम ने बताया कि उक्त संपत्तियों के सभी खरीदारों के विरुद्ध वाद पंजीकृत किया जाएगा। सुनवाई के बाद स्टांप शुल्क व अर्थदंड लगाने की कार्रवाई की जाएगी।