छतरपुर/ झांसी। बांदा के मटोंध गांव के रहने वाले नंदू पाल ने एसपी से शिकायत की है कि उसकी पत्नी रीना खूबसूरत और पढ़ी लिखी है। इसलिए वह उसके साथ रहना नहीं चाहती है। ससुराल में लेने के लिए जाओ तो अपने घरवालों से पिटवाती है। उसने एसपी से पत्नी को वापस दिलवाने और पिटाई करने वाले ससुरालीजनों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
युवक ने बताया कि उसकी शादी पिछले साल छतरपुर जिले के लवकुश नगर थाना क्षेत्र के गांव नगरौली की रीना पाल से हुई थी। दोनों परिवारों ने शादी तय की थी। शादी के तीन दिन बात ही पत्नी मायके आ गई। इसके बाद से वह उसके घर जाने को तैयार नहीं है। वह कहती है कि तुम सुंदर नहीं हो। वह सुंदर होने के साथ ही पढ़ी लिखी है। नंदू का कहना है कि जब वह अपनी पत्नी को लेने उसके घर गया तो उसने आने से इंकार कर दिया। इतना ही नहीं गिड़गिड़ाने की नौबत आई तो ससुरालवालों ने उसे एक कमरे में बंद कर पीट दिया। बुधवार को वह लेने गया तो उसे पीटा गया। वह थानों के चक्कर लगा रहा है लेकिन कहीं भी उसकी सुनवाई नहीं हो रही। इसी वजह से एसपी से शिकायत की। नंदू ने बताया कि जब ससुराल वालों ने उसे पीटा तो वह लवकुशनगर थाने में गया था। वहां उसकी शिकायत नहीं सुनी गई तो वह छतरपुर एसपी ऑफिस पहुंचा। उसने एसपी को शिकायती पत्र देकर पत्नी को वापस दिलाने और मारपीट करने वाले ससुरालवालों पर कार्रवाई करने की मांग की। एसपी ने उसे इंसाफ दिलवाने का आश्वासन दिया।