झांसी। 19वीं अखिल भारतीय आरपीएफ डॉग ड्यूटी प्रतियोगिता-2026 का समापन हुआ। इसमें दक्षिण रेलवे की टीम ने ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया। दक्षिण पूर्व रेलवे की टीम उपविजेता रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह रहे। समारोह में 17 रेल जोन से 73 डॉग, उनके हैंडलर्स और रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों ने सहभागिता की। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेंद्र कुमार शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया।
प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, उत्तर मध्य रेलवे प्रदीप कुमार गुप्ता ने डॉग स्क्वॉड की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रेलवे सुरक्षा में प्रशिक्षित डॉग्स और हैंडलर्स का तालमेल, प्रशिक्षण तथा अनुशासन महत्वपूर्ण है। ऐसी प्रतियोगिताएं टीमों को कार्यक्षमता दिखाने और दक्षता बढ़ाने का अवसर देती हैं। यहां से चयनित सर्वश्रेष्ठ टीम अखिल भारतीय डॉग मीट में रेल सुरक्षा बल का प्रतिनिधित्व करेगी। मुख्य अतिथि नरेश पाल सिंह ने आरपीएफ डॉग स्क्वॉड के योगदान की सराहना की। उन्होंने रेल यात्रियों की सुरक्षा, परिसरों की निगरानी और सुरक्षा खतरों की पहचान में उनके महत्व को बताया। उन्होंने ट्रैकिंग, विस्फोटक व मादक पदार्थों की पहचान जैसे कार्यों में डॉग्स की विशेष क्षमताओं का उल्लेख किया।
प्रतियोगिता के परिणाम
प्रतियोगिता में दक्षिण रेलवे ने ओवरऑल विजेता और दक्षिण पूर्व रेलवे ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। ट्रैकर डॉग इवेंट में दक्षिण रेलवे के डॉग ‘जोरो’ (बेल्जियन शेफर्ड) ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसके हैंडलर एचसी बी. सुरेश कुमार रहे। दक्षिण पूर्व रेलवे के डॉग ‘सिम्बा’ (बेल्जियन मैलिनॉइस) ने द्वितीय और उत्तर रेलवे के डॉग ‘फ्रेंडो’ (जर्मन शेफर्ड) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विस्फोटक पहचान और सर्वश्रेष्ठ डॉग
विस्फोटक पहचान प्रतियोगिता में दक्षिण रेलवे के डॉग ‘जैक’ (बेल्जियन शेफर्ड) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिसके हैंडलर एचसी रॉबिन रहे। दक्षिण मध्य रेलवे के डॉग ‘रेमो’ (लैब्राडोर) ने द्वितीय और पश्चिम मध्य रेलवे के डॉग ‘जैकी’ (लैब्राडोर) ने तृतीय स्थान हासिल किया। दक्षिण रेलवे के डॉग ‘जोरो’ को प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ डॉग घोषित किया गया। समापन समारोह में मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।