झांसी। बारिश के दिनों में जहरीले कीड़े लोगों पर ‘एसिड अटैक’ कर रहे हैं। इससे त्वचा पर जहां घाव हो रहा है। वहीं, आंखों में सूजन से लेकर रोशनी जाने तक का खतरा रहता है। समय पर मानसून आने के बाद इन समस्याओं के मरीज जून में ही डॉक्टरों के पास पहुंचने लगे हैं।
बारिश शुरू होने के साथ ही विषैले कीड़ों की संख्या भी बढ़ गई है। इन्हीं में से एक होता है, पेडेरस नाम का कीट। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रतीक शिवहरे ने बताया कि इस कीट में एसिड होता है। जब ये कीड़ा त्वचा पर बैठता है, उसे हटाते समय रगड़ लग जाने पर फ्लूड निकलता है। यह त्वचा के संपर्क में आते ही खुजली, जलन शुरू हो जाती है। समय पर इलाज न कराने पर चकत्ते घाव में तब्दील हो जाते हैं। वहीं, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शमी ने बताया कि वर्षा के दौरान कीड़ों की संख्या में इजाफा हो जाता है। वाहन चलाते समय में ये कीड़े आंख में चले जाते हैं। काट लेने या फिर आंख मलने पर आंख में सूजन और लालिमा आ जाती है। ब्यूरो