हिमांशु पांडेय
झांसी। यूपी सरकार के हालिया आर्थिक सर्वे में बुंदेलखंड ने प्रति व्यक्ति आय के मामले में लंबी छलांग लगाई है। सर्वाधिक प्रति व्यक्ति आय में झांसी एवं हमीरपुर ने टॉप टेन जनपदों में जगह बनाते हुए प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर जैसे जनपदों को पीछे छोड़ दिया। कृषि, वानिकी, खनन, निर्माण कार्य, रेलवे, भंडारण समेत वित्तीय सेवाओं के बढ़ने की वजह से प्रति व्यक्ति आय ((प्रति व्यक्ति जिला निवल घरेलू उत्पाद) में इजाफा हुआ है।
नियोजन महकमा नियमित अंतराल पर हर दो साल में जनपदवार आर्थिकी रिपोर्ट तैयार करता है। यह रिपोर्ट नीति आयोग के मापदंडों के आधार पर लंबी कवायद के बाद तैयार होती है। वर्ष 2023-2024 के लिए कराए गए सर्वे की रिपोर्ट कुछ दिनों पहले प्रकाशित हुई। इसमें सभी 75 जनपदों के आर्थिक हालत के बारे में बताया गया है। रिपोर्ट बताती है कि अभी तक पिछड़ा एवं गरीबी के साये में रहा बुंदेलखंड अब इस टैग से उबरने लगा है।
सर्वे रिपोर्ट में झांसी प्रति व्यक्ति आय के मामले में सूबे के 10वें स्थान पर पहुंच गया जबकि ललितपुर 24वें स्थान पर है। टॉप टेन में शामिल हमीरपुर चौथे स्थान पर है। उससे आगे सिर्फ गौतमबुद्ध नगर, लखनऊ और गाजियाबाद ही हैं। सर्वे रिपोर्ट बताती है कि झांसी की मौजूदा सालाना प्रति व्यक्ति आय 1,26,203 रुपये हो गई जबकि यूपी की सालाना आय 93422 रुपये प्रति वर्ष ही है। झांसीवासियों की प्रति व्यक्ति आय में करीब 16 फीसदी का इजाफा हुआ है। पिछली बार प्रति व्यक्ति आय 93422 रुपये थी।
इसी तरह, सूची में चौथे स्थान पर शामिल हमीरपुर की प्रति व्यक्ति आय 1,46,794 रुपये आंकी गई। 11वें नंबर पर महोबा की 1,15,965 रुपये सालाना, 21वें स्थान पर जालौन की 97,415 रुपये, 24वें स्थान पर आए ललितपुर की 94,082 रुपये सालाना, 34वें स्थान पर रहे चित्रकूट की 81,216 रुपये, 43वें स्थान पर रहे बांदा की प्रति व्यक्ति आय 72,688 रुपये है। सबसे नीचे प्रतापगढ़ रहा। यहां प्रति व्यक्ति आय 44,544 रुपये आंकी गई। अर्थ एवं संख्या अधिकारी डा. अर्चना सिंह का कहना है कि कुछ वर्षों के भीतर बुंदेलखंड में आय के साधन बढ़े हैं। इसका प्रभाव अब दिखाई पड़ रहा है। सर्विस सेक्टर की वजह से आय में इजाफा दिखाई दे रहा है।
आंकड़े रुपये में
वर्ष यूपी की प्रति व्यक्ति आय झांसी ललितपुर
2021- 2022 74055 97649 73958
2023-24 93422 126203 94082
प्रमुख जनपदों की प्रति व्यक्ति आय (रुपये में )
स्थान जनपद प्रति व्यक्ति आय (रुपये में)
पहला गौतमबुद्ध नगर 1017758
दूसरा लखनऊ 216734
तीसरा गाजियाबाद 211505
पांचवां सोनभद्र 144578
आठवां कानपुर नगर 131956
नौवां आगरा 128058
16वां वाराणसी 103354
27वां प्रयागराज 89790
30वां गोरखपुर 87211