झांसी। ट्रेन की चपेट में आने से भोजला मंडी में आढ़ती के यहां मुनीम का काम कर रहे व्यक्ति की मौत हो गई। उसका शव बिजौली स्थित रेलवे लाइन पर पड़ा मिला। परिजन जहां अनहोनी की आशंका जता रहे हैं, वहीं, पुलिस इसे ट्रेन से टकराकर मौत होना बता रही है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिजौली में किराये से रहने वाले शैलेंद्र यादव (52) पुत्र मोतीलाल यादव बरुआसागर के रहने वाले थे। परिजनों ने बताया कि शैलेंद्र भोजला मंडी में एक आढ़ती के यहां मुनीम का काम करते थे। शुक्रवार शाम वह घर से निकले लेकिन काफी देर तक न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसी दौरान रात में पुलिस ने फोनकर जानकारी दी कि शैलेंद्र का शव बिजौली रेलवे लाइन किनारे पड़ा है। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा शैलेंद्र का शव अर्द्धनग्न अवस्था में पड़ा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी प्रेमनगर तुलसीराम पांडेय ने बताया कि शैलेंद्र की ट्रेन से टकराने पर मौत हुई है। पुलिस के पहुंचने से पहले आरपीएफ मौके पर पहुंची थी। उन्होंने शव को हटाया था और कपड़े उठाकर पटरी किनारे रखे दिए थे।