झांसी। महानगर में छह सालों से अधूरा पड़ा सीपरी बाजार ओवरब्रिज का काम अब रफ्तार पकड़ेगा। दिल्ली से क्रेन आने के बाद गार्डर रखने का काम शुरू किया जाएगा। इसके चलते चित्रा चौराहे से सीपरी बाजार जाने वाला मार्ग एक नवंबर से 16 नवंबर तक बंद रहेगा। लोगों की दिक्कत को देखते हुए जिला प्रशासन ने रूट डायवर्जन किया है।
महानगर में सीपरी बाजार ओवरब्रिज पर गार्डर रखने का काम अधर में लटका हुआ है। रेलवे ने छह गार्डरों को रखने के लिए दिल्ली से क्रेन मंगवाई थी। बीते मंगलवार से क्रेन के अलग-अलग भाग झांसी पहुंचने लगे थे। बृहस्पतिवार को क्रेन को झांसी में तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया। अब एक नवंबर से ओवरब्रिज पर गार्डर रखने का काम किया जाएगा। इसके लिए 16 नवंबर तक चित्रा चौराहे से चेलाराम रेस्टोरेंट तक वाहनों और लोगों का आवागमन बंद रहेगा। इसे लेकर डीएम आंद्रा वामसी ने बृहस्पतिवार को रेलवे, सेतु निगम, नगर निगम और पुलिस विभाग के अधिकारियो के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को रूट डायवर्जन प्लान से अवगत कराया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने डीएम को पुल निर्माण के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
--------
पांच नवंबर से लिए जाएंगे ब्लॉक
सीपरी बाजार ओवरब्रिज पर गार्डर रखने के दौरान रेलवे ट्रैक पर पांच नवंबर से ब्लॉक्स लिए जाएंगे। इसके लिए रेलवे ने भी पूरा प्लान तैयार कर लिया है। कार्य के दौरान ट्रेनों का आवागमन भी बाधित किया जाएगा। रेलवे दो-दो घंटे के हिसाब से ब्लॉक्स लेगा।
---------
ये है रूट डायवर्जन प्लान
- नंदनपुरा से आने वाले वाहनों को सीपरी बाजार मोड़ से रामा बुक डिपो, आर्य मंदिर, कच्चा पुल होते हुये पंचतंत्र पार्क के बगल वाली रोड और सेंट्रल पार्क होते हुए चित्रा चौराहा पर निकलेंगे।
- नगरा, प्रेमनगर से आने वाले वाहनों को टंडन तिराहा से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन भी आर्य मंदिर कच्चा पुल होते हुए पंचतंत्र पार्क के पास की रोड और चित्रा चौराहा पर पहुंचेंगे।
- शहर की ओर सीपरी बाजार को जाने वाले वाहन चित्रा चौराहे से सेंट्रल होटल, कच्चा पुल होते हुए सीपरी जाएंगे।
- चित्रा चौराहे से प्रेमनगर, नगरा और पुलिया नंबर नौ जाने वाले वाहन स्टेशन के सामने से वर्कशॉप होते हुए जाएंगे।
- ग्वालियर रोड से सीपरी बाजार को जाने वाले वाहन ग्वालियर रोड चौकी, आईटीआई होते हुए जाएंगे।
-------------