झांसी। कोरोना के तेजी से बढ़ रहे मामलों के चलते सरकार ने स्कूलों को 16 जनवरी तक बंद करने का आदेश दे दिया है। इस दौरान महानगर के स्कूल तो बंद रहेंगे। वहीं स्कूलों ने फैसला किया है कि वे बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाएंगे। कुछ स्कूलों में शीतकालीन अवकाश चल रहा है। इसके बाद भी कक्षाएं पूर्ण रूप से आनलाइन ही संचालित की जाएंगी।
बढ़ रहे कोरोना के मामलों ने अभिभावकों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। सरकार की ओर से स्कूलों को बंद करने के निर्देश मिलने के बाद स्कूलों ने भी सक्रियता बढ़ा दी। स्कूलों ने भी कोरोना के बढ़ रहे मामलों को देखते हुए कक्षाएं पूर्ण रूप से ऑनलाइन करने का फैसला किया है। द आर्यंस स्कूल के आकाश अत्री का कहना है कि कक्षाएं पहले भी आनलाइन और आफलाइन दोनों तरह से संचालित की जा रही हैं। आफलाइन भी बच्चे अभिभावकों की अनुमति पर आ रहे थे। लेकिन अब पूर्ण रूप से अॅानलाइन ही पढ़ाई कराई जाएगी। वहीं ब्लू वेल्स के प्रधानाचार्य नितिन विलियम्स ने बताया कि हमारे यहां अभी तक लगभग पूरे बच्चे स्कूल आ रहे थे, लेकिन अब पूरी तरह से कक्षाएं ऑनलाइन ही चलाई जाएंगीं।।