सपा को ब्राह्मण चेहरे की तलाश, लगा सकती है दांव
झांसी। पिछले विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सत्ता गवां चुकी समाजवादी पार्टी ने आगामी चुनाव के लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी इस बार सोशल इंजीनियर के फार्मूले पर आगे बढ़ रही है। यही वजह है कि सपा की झांसी विधानसभा से ब्राह्मण चेहरे पर दांव लगाने की तैयारी है। इसका अंदाजा पार्टी की सरगर्मियों से लगाया जा सकता है। संगठन स्तर पर भी इसकी चर्चाएं जोरों पर हैं।
गठन के 28 साल बाद भी समाजवादी पार्टी झांसी विधानसभा में अब तक जीत दर्ज नहीं कर सकी है। जबकि, जिले की अन्य तीनों विधानसभाओं में साइकिल अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुकी है। लेकिन, इस बार सपा ने झांसी विधानसभा में अपना झंडा बुलंद करने की अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए पार्टी सोशल इंजीनियरिंग का सहारा ले रही है। यही वजह है कि आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी झांसी सदर सीट से ब्राह्मण चेहरे पर दांव लगाने के मूड में नजर आ रही है। पिछले एक माह के दरम्यान पार्टी ने इसका संकेत भी दिया है। अखिलेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे प्रो. अभिषेक मिश्रा और उसके बाद मनोज पांडेय झांसी दौरे पर आए थे। यहां उन्होंने संगठन के लोगों के अलावा महानगर के ब्राह्मण वर्ग के तमाम लोगों से भी मुलाकात की थी और उनके साथ बैठक भी की थीं। दो पूर्व मंत्रियों ने अपने दौरों के दौरान झांसी के ब्राह्मण समाज की नब्ज टटोलने की कोशिश की थी। इसके बाद से ही लगातार ब्राह्मणों को सपा से जोड़ने का काम तेजी से किया जाने लगा है।
उल्लेखनीय है कि सपा झांसी सदर सीट को महत्वपूर्ण मान के चल रही है, क्योंकि इस सीट का राजनीतिक संदेश बुंदेलखंड की सभी 19 विधानसभा सीटों को प्रभावित करता है। विधानसभा चुनाव के इतिहास में झांसी सदर सीट से ब्राह्मण वर्ग के प्रत्याशी सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने में कामयाब हुए हैं। सूत्रों के अनुसार इसी वजह से सपा इस बार इस सीट से ब्राह्मण चेहरा लाने की तैयारी में है।
समाजवादी पार्टी किसी जाति या धर्म की राजनीति नहीं करती है, बल्कि सर्व समाज को साथ लेकर चलती है। टिकट जाति के आधार पर नहीं दिए जाते हैं, बल्कि संगठन में काम करने वालों को सपा टिकट देती है। रही बात ब्राह्मण समाज की, तो ये समाज तेजी से समाजवादी पार्टी से जुड़ रहा है।- महेश कश्यप, जिलाध्यक्ष - सपा
समाजवादी पार्टी ने हमेशा से ही सभी समाज और वर्गों के लोगों को राजनीति में प्रतिनिधित्व दिया है। योगी सरकार से सभी त्रस्त हैं और सभी वर्गों के लोग तेजी से सपा से जुड़ रहे हैं। ब्राह्मण समाज में इस सरकार में बहुत अत्याचार हुए हैं। यही वजह है कि सपा में ब्राह्मणों का कुनबा तेजी से बढ़ता जा रहा है। - राहुल सक्सेना, वरिष्ठ नेता - सपा