संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं से मिला युवती का शव
गुरसराय (झांसी)। मंगलवार की रात गुरसराय थाना क्षेत्र के एक गांव में स्थित कुएं से एक युवती का शव संदिग्ध हालात में मिला है, इसी कुएं के अंदर से एक युवक को भी घायल हालत में निकाला गया है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती व युवक को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक युवती की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने पर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचकर अधिकारियों ने ऐतिहात के तौर पर जिले के कई थानों का पुलिस बल बुलाकर तैनात कर दिया। युवक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। परिजनों द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि युवती के शव के साथ कुएं से निकाले गए युवक ने ही उनकी पुत्री की कुएं में डुबोकर हत्या की है। इसमें आरोपी के परिजन षड्यंत्र में शामिल हैं। पुलिस ने युवक समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
मंगलवार की रात थाना गुरसराय क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती अचानक लापता हो गई। परिजनों ने डायल 100 पर सूचना दी। अभी युवती की खोेजबीन चल रही थी, तभी घर के पास बने कुएं में किसी के गिरने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे, जहां युवक व युवती को कुएं में देखकर घबरा गए। पुलिस ने लोगों के सहयोग से दोनों को बाहर निकाला, लेकिन जब तक युवती की मौत हो चुकी थी। युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाने के बाद हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी भेज दिया गया। जानकारी लगते ही भारी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। परिजनों ने युवक समेत उसके भाई व चाचा पर उनकी पुत्री को कुएं में डुबोकर मार डालने का आरोप लगाया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी गरौठा हिमांशु गौरव, गुरसराय थानाध्यक्ष लोकेंद्र त्रिपाठी, टोड़ीफतेहपुर थानाध्यक्ष अवधनारायण पांडेय समेत कई थानों का फोेर्स मौके पर पहुंचा।
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के वरिष्ठ नेता टीकाराम पटेल व योगेश त्रिपाठी ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली। साथ ही पुलिस से मिलकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शहीद खां, उसके भाई इकबाल व चाचा नवाब खां पर कई धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक राहुल मिठास ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मृतका के परिजनों से मुलाकात की तथा उनको कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया। वहीं, घटना के मद्देनजर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। उधर, मऊरानीपुर में मृतका का पोस्टमार्टम होने के बाद शव परिजनों को सौंपने के बाद शाम को ही अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोेपियों पर कड़ी कार्रवाई करेगी। परिजनों से भी मिलकर घटना की जानकारी ली गई है।
राहुल मिठास, अपर पुलिस अधीक्षक