झांसी। सब कुछ अच्छा-अच्छा दिखाने के लिए झांसी पुलिस ने साल के पहले दिन फरियादियों का एक भी मामला दर्ज नहीं किया। थाने पर शिकायत लेकर पहुंचे फरियादियों को टरकाया जाता रहा। 31 दिसंबर की रात 12 बजते ही सिटी सर्किल के सभी थानों ने जीडी के क्राइम नंबर एक में गैंगस्टर की कार्रवाई का गुडवर्क दर्ज कर साल का श्रीगणेश किया। इसी तर्ज पर जिले भर में पुलिस ने 20 अपराधियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की।
अपराध व अपराधियों से जूझने वाली पुलिस भी टोटके के फेर में फंसी रही। नए साल के पहले दिन सभी थानों की जीडी पर गुडवर्क ही दर्ज हुआ। पुलिस के लिहाज से जिले में नए साल का पहला दिन सुकून से बीता। रात 12 बजते ही महानगर के कोतवाली, नवाबाद, सदर बाजार, प्रेमनगर व सीपरी पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई का मुकदमा दर्ज किया। सुबह पुलिस ने क्षेत्र में गश्त के साथ दिन की शुरुआत की। बरसों पुराने इस टोटके से पुलिस खुद को जुदा नहीं कर सकी। पुलिस मानती है कि यदि पहले अपराध संख्या पर कोई घटना दर्ज होती है तो साल भी तक ऐसे अपराधों से ही जूझना पड़ेगा। यही वजह है कि हर थाना पुलिस पहली अपराध संख्या पर गुडवर्क ही दर्ज होता है। अमूमन गुडवर्क तमंचा, नशीले पदार्थ और शराब बरामद करना होता है।
शिकायत लेकर पहुंचे फरियादियोें को पुलिस टरकाती रही। कोतवाली के उन्नाव गेट निवासी रामसिंह पड़ोसी से विवाद की शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। ओरछा गेट निवासी बाबू खान की भी शिकायत पुलिस ने दर्ज नहीं की। इसी तरह सीपरी बाजार के रायगंज निवासी शमशेर सिंह की शिकायत भी पुलिस ने दर्ज नहीं की।
इस तरह थानों में दर्ज हुआ गुडवर्क
थाना-समय मुकदमा
कोतवाली - रात 12.10 ओरछा गेट निवासी इमरान, हंसारी निवासी मिथुन बाल्मीकि, बाहर सैंयर गेट निवासी अंकुश खटीक, शाहरुख व मढ़िया मोहल्ला निवासी शहवाज पर गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया।
नवाबाद - 12.13 कोछाभांवर निवासी नरेंद्र राजपूत, करगुवां निवासी सुशील यादव, अंकित यादव और पूनम तिवारी पर गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया।
सीपरी - 12.10 ग्वालटोली निवासी पूजा जायसवाल की हत्या में शामिल आरोपी ओमप्रकाश व उसके भाई दिलीप पर पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई का मुकदमा दर्ज किया।
प्रेमनगर - 12.29 बबीना निवासी हरेंद्र, अंजनी मोहल्ला निवासी विवेक व चमरुआ गांव निवासी जितेंद्र उर्फ काली पर भी गैंगस्टर की कार्रवाई की।
पुलिस हर रोज बेहतर कार्य कर रही है। प्रतिदिन मुकदमे भी दर्ज किए जा रहे हैं। टोटके को लेकर कोई भी लॉजिक नहीं है। पुलिस अपना कार्य प्रतिदिन करती है।
विवेक कुमार त्रिपाठी, एसपी सिटी