झांसी। ऑपरेशन के दौरान एक महिला मरीज के पेट में रुई का बंडल छोड़ देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई के लिए शिकायत की है।
मध्य प्रदेश के दतिया स्थित इंदरगढ़ निवासी आशीष मिश्रा का आरोप है कि पिछले माह उन्होंने अपनी मां सुमन मिश्रा का ऑपरेशन एक प्राइवेट नर्सिंग होम में कराया था। ऑपरेशन के कुछ दिन बाद उनकी मां की हालत बिगड़ने लगी। ग्वालियर में उपचार के दौरान पता चला कि पेट में संक्रमण हो गया है। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान चिकित्सक ने लापरवाही करते हुए उनकी मां के पेट में रुई का बंडल छोड़ दिया। उन्होंने झांसी आकर ऑपरेशन करने वाले चिकित्सक को बताया तो उसने गलती मानने से इंकार कर दिया। मामले की शिकायत नवाबाद पुलिस से की गई है। विश्वविद्यालय चौकी इंचार्ज परमेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत आने के बाद जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।