झांसी। पुराने शहर की तंग बस्तियों में आग पर काबू पाने के लिए छह महीने पहले झांसी भेजी गई फाइटर बाइक को अब वाराणसी भेजा जाएगा। इस संबंध में दमकल विभाग के पास मुख्यालय से पत्र पहुंच गया है। हालांकि यहां का प्रशासन फाइटर बाइक को यहीं बनाए रखने के लिए पत्राचार कर रहा है लेकिन जिस तरह से लखनऊ से रिमाइंडर पर रिमाइंडर आ रहे हैं उससे लगता नहीं कि फाइटर बाइक ज्यादा दिनों तक झांसी में रह पाएगी।
अगर उत्तर प्रदेश की बात करें तो इस समय 32 फाइटर बाइक विभिन्न जिलों में हैं। जब प्रयागराज में महाकुंभ का आयोजन हुआ था तब सभी फाइटर बाइक प्रयागराज मंगवा ली गई थीं। कुंभ के समापन के बाद एक फाइटर बाइक को झांसी भेज दिया गया था। मार्च 2019 में बाइक झांसी फायर ब्रिगेड को मिल गई थी। इस बाइक से उन तंग बस्तियों में जाकर आग से लड़ा जा सकता है जहां गाड़ियां नहीं पहुंच पाती हैं। इस बाइक का झांसी के तंग इलाकों में आग बुझाने के लिए प्रयोग किया जाता रहा है। लेकिन अब इस बाइक को वापस करने के लिए मुख्यालय से लगातार झांसी दमकल विभाग पर पत्र आ रहे हैं। इस बाइक को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भेजा जाना है। जबकि इस बाइक में झांसी में बड़ी जरूरत है।
कार नहीं पहुंच सकती, फायर ब्रिगेड की गाड़ी भला कैसे पहुंचेगी
झांसी। महानगर में कई इलाके ऐसे हैं जहां कार नहीं पहुंच सकती। अब आप सोचिए कि वहां फायर ब्रिगेड कैसे पहुंच सकती है। इन तंग इलाकों में फाइटर बाइक ही काम आ सकती है।