झांसी। सीपरी बाजार के शिवपुरी रोड पर शनिवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने पत्नी के साथ सैर के लिए निकले पूर्व ग्राम विकास अधिकारी के साथ लूटपाट की। इस दौरान पूर्व अफसर ने एक बदमाश को दबोचने की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाश घबरा गए और पैदल ही घटना स्थल से भाग निकले। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके तलाश शुरू कर दी है।
केके पुरी कॉलोनी निवासी घनाराम वर्मा ग्राम विकास अधिकारी पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। वह अपनी पत्नी ऊषा के साथ सुबह की सैर को निकले थे। जैसे ही वह लोग पहूज नदी के पुल को पार करके यामहा एजेंसी के पास पहुंचे तभी एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने तमंचा सटाकर पत्नी के गले से मंगलसूत्र एवं सोने की जंजीर छीन ली। इसी बीच घनाराम ने साहस दिखाते हुए एक बदमाश को दबोच लिया। उनकी पत्नी भी शोर मचाने लगीं। शोर मचाने और एक साथी के पकड़ लिए जाने से बदमाश घबरा गए। किसी तरह अपने साथी को छुड़ाकर वह पैदल ही वहां से भाग गए। इसके बाद घनाराम बदमाशों की बाइक लेकर सीपरी बाजार थाने पहुंचे। सीपरी बाजार इंस्पेक्टर चंद्रशेखर दुबे के मुताबिक मामले की छानबीन की जा रही है।