झांसी। बृहस्पतिवार से यात्रियों की सुविधा और परिचालकों की कमी के चलते उरई और कानपुर जाने वाले यात्रियों के लिए बिना परिचालक के रोडवेज बस सेवा का संचालन किया जाएगा। इस सेवा के लिए यात्रियों को बस अड्डे के काउंटर से ही टिकट लेनी पड़ेगी।
झांसी डिपो में लंबे समय से परिचालकों की कमी बनी हुई है। जिसके कारण वर्कशाप पर कई बसें आए दिन खड़ी रहती हैं। इस बसों से यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए यात्रियों की सुविधा के लिए झांसी से उरई और कानपुर के लिए नॉन स्टाप रोडवेज बस का संचालन बिना परिचालक के किया जा रहा है। इस बस में यात्रा करने के लिए यात्रियों को बस अड्डे स्थित काउंटर से ही टिकट लेनी पड़ेगी। एआरएम प्रियम श्रीवास्तव ने बताया कि यह बस झांसी से नॉन स्टाप चलकर सीधे उरई बस अड्डे पर रुकेगी। फिर उरई से चलकर कानपुर छकरकटी बस अड्डे पर स्टॉप लेगी। यह बस स्पेशल झांसी से उरई और कानपुर के यात्रियों के लिए चलाई जा रही है।