झांसी। महानगर के इर्दगिर्द रिंग रोड का निर्माण पूरा करने के लिए भगवंतपुरा - बिजौली बाईपास का निर्माण जरूरी है। इसके लिए सर्वे कर लिया गया है, जिसमें सामने आया है कि बाईपास निर्माण के लिए मध्य प्रदेश की जमीन भी लेनी होगी। अब इसके लिए मप्र शासन से संपर्क किया जाएगा।
भगवंतपुरा - बिजौली बाईपास न बनने की वजह से सालों से महानगर के इर्दगिर्द रिंग रोड का निर्माण अधूरा पड़ा हुआ है। इसके बन जाने से महानगर के भीतर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से थम जाएगी। इस कमी को पूरा करने के लिए पिछले दिनों जिला प्रशासन ने एक कमेटी का गठन किया था, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों के साथ - साथ विभिन्न विभागों के अफसरों को शामिल किया गया था। कमेटी ने बाईपास मार्ग बनाने के लिए भगवंतपुरा से बिजौली तक सर्वे का काम पूर कर लिया है। कमेटी की रिपोर्ट के मुताबिक सड़क निर्माण के लिए मध्य प्रदेश की जमीन भी लेनी होगी।
महापौर रामतीर्थ सिंघल ने बताया कि भगवंतपुरा - बिजौली बाईपास के निर्माण के बगैर रिंग रोड पूरी नहीं हो पाएगी। इस बाईपास के निर्माण के लिए मध्य प्रदेश की जमीन भी लेनी होगी। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर मध्य प्रदेश के अधिकारियों से संपर्क किया जाएगा। इस बाईपास का लाभ एमपी के लोगों को भी मिलेगा।