झांसी। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या सोमवार को एक दिवसीय प्रवास के लिए झांसी पहुंचेंगे। दतिया में दर्शन-पूजन के उपरांत दोपहर करीब साढ़े बारह बजे वह परीछा जाएंगे। यहां भागवत कथा में शामिल होने के पश्चात पीडब्ल्यूडी की ओर से लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
झांसी मंडल के तहत 2225.57 लाख रुपये लागत से कुल 42 कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण कार्य प्रस्तावित है। इनमें बड़ागांव भसनेह संपर्क मार्ग, रामनगर वैदा एरच संपर्क मार्ग, बंगरा से चंदवारी मार्ग, रामनगर बेंदा ऐरच मार्ग में रपटा निर्माण, नागर संपर्क मार्ग, एरच ककवई मार्ग, रामनगर वेंदा ऐरच मार्ग, झांसी में वृत्तीय कार्यालय में नए भवन का निर्माण आदि कार्यों का शिलान्यास कराया जाएगा जबकि एरच गुरसराय मऊरानीपुर मार्ग, गुरसराय मोंठ संपर्क मार्ग, सेमरी बाई पास, पुलिया लिंक मार्ग, मोंठ समधर से टोडी संपर्क मार्ग आदि कार्यों का लोकार्पण होगा। उपमुख्यमंत्री एवं पीडल्ब्यूडी मंत्री के यहां आने को लेकर पीडब्ल्यूडी अभियंता आज पूरे दिन तैयारियों में जुटे रहे। उपमुख्यमंत्री परीछा में कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद वहीं से वापस लौट जाएंगे।