झांसी। रविवार और सोमवार को लगातार 26 घंटे तक हुई बारिश ने पिछले 20 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मेघ दिन और रात जमकर बरसे। भारी बारिश की वजह से जगह-जगह जलभराव भी हुआ। आलम यह रहा कि पानी लोगों के घरों तक में घुस गया। विद्युत व्यवस्था भी बुरी तरह से चरमरा गई। कई इलाके अंधेरे में डूबे रहे। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
झांसी में रविवार को करीब तीन बजे बारिश शुरू हुई थी, जो सोमवार शाम सात बजे तक लगातार जारी रही। इस दौरान 28 घंटे तक लगातार मूसलाधार बारिश हुई। एक ही दिन में 180.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे पहले अगस्त माह में सर्वाधिक बारिश का आंकड़ा 2001 में दर्ज किया गया था। 20 साल पहले 16 अगस्त को जनपद में 174.3 मिमी बारिश हुई थी। इसके बाद 2013 में 17-18 जुलाई को 100 मिमी से अधिक पानी गिरा था। लगातार बारिश होने की वजह से सड़कें और कई इलाके जलमग्न नजर आए। बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया, जिससे घर में रखा सामान खराब हो गया। जगह-जगह पेड़ गिरने व अन्य फॉल्ट आने की वजह से कई इलाकों की विद्युत व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई। लगातार लाइट गुल होेने की वजह से इन्वर्टर भी साथ छोड़ गए। लोगों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। तेज बारिश की वजह से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित बना रहा। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी बारिश होने की संभावना जताई है।